Tuesday, 31 July 2018

मुख़्तलिफ़ अशआर (1)

1.
भला सोचा है जब जब भी किसी का हम ने ऐ  राशिद
बहुत ही दुख मिला हम को बुरा सब का जवाब  आया
इनायत और करम जिन पर नवाज़िश भी मुकम्मल थी
उसी ने  दुख  जो  पहुँचाया  तो   रोना  बेहिसाब  आया

2.

हर एक को यादों में समा भी तो नही सकते
बस याद तुम्हारी है जो हर याद पे  भारी  है
तुम रूठ चुके हमसे यह  बात  सही  लेकिन
हम याद भी  आते  हैं  यह  बात  तुम्हारी  है

3.

लिखना है तुम्हें जो कुछ वह शौक़ से लिख ड़ालो
यह  बात  मगर लिखना  कि  तू  इश्क़  हमारा  है
हर  ज़ख़्म  छुपा   लेंगे  हर  दर्द   को   सह   लेंगे
तेरे  प्यार  की  ख़ातिर  तो  हर  चीज़  गवारा   है

शांति की फुहार लाएं।

समाज ऐसा बनायें हम सब अंधेरे उस में जगह न पायें
दुखों का उस में गुज़र भी न हो,सुखों की ऐसी क़तार लायें

ग़रीब लोगों की हालतों पर नज़र भी हम को ही रखनी होगी
हम उनके घर को करेंगे रौशन हम ऐसा मिल के दुलार लायें

ज़ुल्म है और अनारकी है हर एक बन्दा दुखी दुखी है
रहम की कोई अपील लायें, न्याय की हम गुहार लायें

नफ़रतों की आग में भी हर एक इंसां झुलस रहा है
प्यार की हम नवेद लायें, चाहतों की बहार लायें

खुदा करे सब की बस्तियों पर मुहब्बतों की ही बारिशें हों
दहशतों की न आग बरसे,शांति की फुहार लायें

भाई बन कर रहें सभी हम कोई सियासत न हम को तोड़े
हम ऐसा बेहतर समाज लायें, हम ऐसा सुंदर सा प्यार लायें

~राशिद अमीन मलाई